Punjab media news : महानगर में नशा तस्करों और समाज विरोधी अवांछित तत्वों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर (CP) स्वप्न शर्मा (IPS) द्वारा छेड़ी गई विशेष मुहिम के तहत लुधियाना पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर इलाके में लंबे समय से सक्रिय एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP इनवेस्टिगेशन) हरपाल सिंह (PPS), ए.डी.सी.पी. (Investigation) अमनदीप सिंह बराड़ (PPS) और ए.सी.पी. (डिटेक्टिव-2) दीप करण सिंह (PPS) ने बताया कि यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह की देखरेख में गठित एक विशेष पुलिस टीम द्वारा अमल में लाई गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के सिलसिले में ताजपुर चौक के पास मेन हाईवे पर मुस्तैदी से तैनात थी।
इसी दौरान लेडी सब-इंस्पेक्टर ममता मिन्हास को एक बेहद भरोसेमंद मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ताजपुर रोड का रहने वाला एक व्यक्ति बड़े पैमाने पर हेरोइन बेचने का अवैध धंधा करता है और उक्त तस्कर हेरोइन की एक बड़ी खेप लेकर अपने किसी खास ग्राहक को सप्लाई करने के लिए बुड्ढा दरिया की कच्ची पटरी के पास घात लगाकर खड़ा है। लेडी सब-इंस्पेक्टर ममता मिन्हास ने बिना वक्त गंवाए सीनियर अधिकारियों को सूचित किया और पुलिस पार्टी के साथ मौके पर छापेमारी कर संदिग्ध को चारों तरफ से घेर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुलिंदर साहनी उर्फ कृष्णा के रूप में हुई है जोकि बिहारी कॉलोनी, ताजपुर रोड, का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को स्थानीय माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह हेरोइन कहां से और किस मुख्य सप्लायर से खरीद कर लाया था (बैकवर्ड लिंक) और शहर में किन-किन नशाड़ियों या छोटे तस्करों को इसे आगे सप्लाई किया जाना था (फॉरवर्ड लिंक)। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस रैकेट से जुड़े कई अन्य बड़े नशा तस्करों के नामों का खुलासा हो सकता है।
g


GIPHY App Key not set. Please check settings