Punjab media news : लुधियाना के डाबा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते तेजधार हथियारों से लैस करीब एक दर्जन हमलावरों ने दुकानदार और उसके बेटे पर हमला कर दिया। हमले में दुकानदार के बाएं हाथ की चार अंगुलियां कट गईं, जबकि उसका बेटा भी घायल हो गया। आरोप है कि हमलावर दुकान से 45 हजार रुपये की नकदी, पटाखे, लड़ियां और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घायल दुकानदार को इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायल की पहचान गुरप्रीत नगर, डाबा निवासी सतवंत सिंह के रूप में हुई है। उसकी डाबा-लोहारा रोड पर ‘काका इलेक्ट्रिकल’ के नाम से दुकान है। थाना डाबा की पुलिस ने सतवंत सिंह के बयानों के आधार पर मैड की चक्की के पास रहने वाले गेजा, रवि, मिंदर, तनिश, जतिन, हनी, हरजोत, अभि समेत करीब आधा दर्जन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दिए बयान में सतवंत सिंह ने बताया कि 1 नवंबर को आरोपियों ने उसकी दुकान पर ईंट-पत्थरों से हमला किया था। इस संबंध में उसने पुलिस को शिकायत भी दी थी।
इसके बाद 8 नवंबर को जब वह दुकान के बाहर लगी लड़ियां और पटाखे समेट रहा था, तभी आरोपी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वहां पहुंच गए। उनके पास तेजधार हथियार थे। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने उस पर और उसके बेटे पर हमला कर दिया। इस दौरान उसके बाएं हाथ की चार अंगुलियां कट गईं। सतवंत सिंह के अनुसार, हमलावर दुकान में रखी 45 हजार रुपये की नकदी, पटाखे, लड़ियां और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दीं। सब-इंस्पेक्टर राज गोपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


