Punjab media news : पंजाब के पटियाला में तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। पटियाला-संगरूर बाईपास पर गांव पसियाणा के पास भाखड़ा नहर पर बना पुल अचानक टूट गया। उस समय पुल से गुजर रहे दो ट्रक टूटे हुए हिस्से में फंसकर नीचे धंस गए। हादसे के कुछ ही देर बाद एक ट्रक में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। वहीं, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुल टूटने के कारण पटियाला-संगरूर बाईपास पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वाहन चालकों को इस मार्ग से गुजरते समय परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
फिलहाल पुल टूटने की वजह सामने नहीं आई है। हादसे में किसी की मौत या घायल होने की भी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी हैं और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।














GIPHY App Key not set. Please check settings