Punjab media news : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक दलों में सेंधमारी का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में शिरोमणि अकाली दल को झटका देते हुए चौधरी श्याम लाल माजरिया ने भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ गुज्जर समुदाय के बड़ी संख्या में लोग भी भाजपा में शामिल हुए। इसे मोहाली जिले में भाजपा के जनाधार को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
न्यू चंडीगढ़ के नजदीक गांव माजरिया में श्याम लाल माजरिया के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें सिरोपा पहनाकर पार्टी में शामिल करवाया। इस मौके पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि श्याम लाल माजरिया के भाजपा में आने से मोहाली जिले के साथ-साथ पूरे पंजाब में पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया।
वहीं, भाजपा में शामिल होने के बाद श्याम लाल माजरिया ने कहा कि वह अपने समर्थकों के साथ मिलकर मोहाली जिले और पूरे पंजाब में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। इसके लिए गांवों और शहरों में लोगों से संपर्क किया जाएगा और युवाओं, बुजुर्गों व महिलाओं को पार्टी के साथ जोड़ने का प्रयास होगा।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के शिवालिक बोर्ड के चेयरमैन ओम प्रकाश, पंजाब भाजपा के लीगल इंचार्ज एडवोकेट एन.के. वर्मा, उपाध्यक्ष रणजीत सिंह गिल, सुखविंदर सिंह गोल्डी, जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ, महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष आभा बंसल सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




GIPHY App Key not set. Please check settings