
Punjab media news : पड़ोसी देश पाकिस्तान की ओर से भारतीय क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से भेजी गई नशीले पदार्थों की दो बड़ी खेप बरामद करने में जिला तरनतारन के दो अलग-अलग थानों की पुलिस और बीएसएफ ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान 4 किलो 905 ग्राम अफीम और 4 किलो 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि पंजाब के डीजीपी गौरव यादव द्वारा जारी सख्त निर्देशों के तहत तरनतारन पुलिस की ओर से भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में गश्त और निगरानी तेज कर दी गई है। इसी के चलते थाना सराय अमानत खां की पुलिस और बीएसएफ द्वारा चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान गांव कलस में थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह बाजवा के नेतृत्व में टीम ने खेतों में गिरा हुआ एक संदिग्ध पैकेट बरामद किया। पैकेट की तलाशी लेने पर उसमें से 4 किलो 34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जबकि पैकिंग सामग्री का वजन 402 ग्राम पाया गया। इस संबंध में थाना सराय अमानत खां में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि इसी प्रकार थाना खालड़ा की पुलिस और बीएसएफ द्वारा चलाए गए एक अन्य संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सीमावर्ती गांव माड़ी कंबोके के खेतों में पड़ा एक संदिग्ध पैकेट बरामद किया गया। तलाशी के दौरान पैकेट में से 4 किलो 905 ग्राम अफीम बरामद हुई, जबकि इसकी पैकिंग सामग्री का वजन 677 ग्राम पाया गया। डीआईजी शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नशीले पदार्थों की दोनों खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन की सहायता से भारतीय क्षेत्र में भेजी गई थीं। उन्होंने कहा कि सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी और पड़ोसी देश की ऐसी गतिविधियों को नाकाम करने के लिए पंजाब पुलिस और बीएसएफ पूरी तरह सतर्क हैं। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी हुई है कि नशीले पदार्थों की ये खेप किन तस्करों द्वारा मंगवाई गई थीं और इन्हें आगे किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही सीमा पार बैठे तस्करों के स्थानीय संपर्कों का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।












GIPHY App Key not set. Please check settings