Punjab media news : जालंधर के मॉडल टाउन स्थित प्रसिद्ध डी-मार्ट के बाहर देर रात दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। दिल्ली से आई पुलिस टीम ने किसी आपराधिक मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस ने दिल्ली नंबर की बाइक (DL 11 PJ 2192) बरामद की, जबकि भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की टीम दिल्ली में दर्ज एक आपराधिक मामले में फरार आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करते हुए जालंधर पहुंची थी। आरोपी पर दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक व्यक्ति को चाकू मारने का आरोप बताया जा रहा है। मोबाइल लोकेशन डी-मार्ट के आसपास मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और शॉपिंग के दौरान आरोपी को काबू कर लिया।
पुलिस जब आरोपी को अपने साथ लेकर जाने लगी तो मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। हंगामे के बीच आरोपी पुलिस की पकड़ से निकलकर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। घटना के दौरान एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस की महिला कर्मी के साथ धक्कामुक्की किए जाने के आरोप भी लगाए। मौके पर मौजूद बच्चों के चिल्लाने और लोगों के विरोध के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वहीं, घटना के बाद दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। पुलिस टीम द्वारा इस्तेमाल की जा रही निजी गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें शराब की एक बोतल और 2 गिलासों में भरी शराब मिलने की बात सामने आई। ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम की गाड़ी में शराब मिलने को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस की टीम ने कार्रवाई से पहले स्थानीय पुलिस को सूचना नहीं दी थी। बाद में थाना नंबर 6 की पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। थाना 6 की पुलिस ने शुरुआत में घटना की जानकारी होने से इनकार किया, लेकिन दिल्ली पुलिस के जांच अधिकारी (IO) से बातचीत के बाद स्थानीय पुलिस ने टीम को सहयोग दिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, रोहिणी में चाकू से हमला करने के मामले में फरार आरोपी की तलाश में टीम ने जालंधर में ट्रैप लगाया था। फिलहाल, घटना के दौरान हुए हंगामे और आरोपियों के फरार होने को लेकर मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं।







GIPHY App Key not set. Please check settings