Punjab media news : पंजाब में 2 ग्रेनेड अटैक होने की खबर सामने आई है। भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास बसे अजनाला के जट्टा गांव में देर रात एक घर को निशाना बनाकर किए गए कथित ग्रेनेड हमले से पूरा इलाका दहल गया। बताया जा रहा है कि 2 अनजान लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और घर के बाहर 2 ग्रेनेड फेंककर फरार हो गए। धमाकों की तेज आवाज से गांव में दहशत फैल गई।
घटना के दौरान घर में मौजूद 3 लोग घायल हो गए। परिवार वालों के मुताबिक, घायलों में 2 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। धमाके से घर के दरवाजे और खिड़कियां टूट गईं, वहीं घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। घायलों को तुरंत इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। बताया गया है कि घायलों में से एक का इलाज गुरु नानक देव हॉस्पिटल में चल रहा है। परिवार के सदस्य ने बताया कि रात में 2 अनजान लोग मोटरसाइकिल पर आए। उन्होंने पहले घर के अंदर ग्रेनेड फेंका। जब परिवार को इस बारे में पता चला और एक व्यक्ति उनका पीछा करने लगा, तो हमलावरों ने दूसरा ग्रेनेड भी दरवाजे की तरफ फेंक दिया। परिवार के मुताबिक, उन्हें इससे पहले किसी धमकी या कॉल के बारे में पता नहीं था और गांव में ऐसी घटना पहली बार हुई है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया गया कि घटनास्थल से ग्रेनेड पुलिस को सौंप दिए गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियाँ भी मामले को गंभीरता से ले रही हैं। हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए जाँच चल रही है।
अकाली नेता और हलका इंचार्ज जोध सिंह समरा ने इस घटना को लेकर पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बॉर्डर एरिया में एक घर पर 2 ग्रेनेड फेंके जाना बहुत गंभीर मामला है। उन्होंने दावा किया कि धमाकों से घर की खिड़कियां टूट गईं और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। जोध सिंह समरा ने कहा कि बॉर्डर एरिया में ड्रग्स की समस्या पहले से ही एक बड़ी चुनौती है और अब लोगों के घरों को निशाना बनाने वाली घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मांग की कि हमलावरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और घटना के पीछे की असली साजिश का पता लगाया जाए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। गांववालों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। फिलहाल, पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हमले का मकसद क्या था और इसके पीछे कौन है।
g


GIPHY App Key not set. Please check settings