विधानसभा चुनावों से पहले ही गरमाई सियासत

Punjab media news :विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पंजाब की राजनीति गरमा गई है। कई नेता अपनी पार्टियां छोड़कर दूसरी पार्टियों में शामिल हो रहे हैं तो कई टिकट न मिलने पर अपनी ही पार्टी से नाराज चल रहे हैं। ऐसे में पंजाब की राजनीति में एक और कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही अकाली दल और भाजपा का गठबंधन हो सकता है। इस गठबंधन का पार्टी के कुछ नेता विरोध तो कर रहे हैं तो कुछ इस गठबंधन के हक में है।

जानकारी के अनुसार अब पार्टी के सीनियर नेता राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हरजीत सिंह ग्रेवाल का बयान सामने आया है। अकाली दल और भाजपा के गठबंधन को लेकर उन्होंने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने यह तक कह दिया है कि पार्टी के टकसाली नेता कोई गठबंधन नहीं चाहते लेकिन जो नेता दूसरी पार्टियों से आए हैं वे ही इस गठबंधन के हक में हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीति में नया बवाल आ सकता है।

जानकारी के अनुसार हरजीत सिंह ग्रेवाल ने अकाली दल और भाजपा के गठबंधन को लेकर कहा कि पंजाब भाजपा को अकेले ही विधानसभा चुनाव लड़ने चाहिएं और जीत हासिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी अकेले चुनाव लड़कर ही पार्टी की राष्ट्रवादी सोच को आगे बढ़ा पाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के पुराने नेता अकाली दल के साथ गठबंधन के लिए बिलकुल भी राजी नहीं है लेकिन जो नए नेता दूसरी पार्टियों को छोड़कर पंजाब भाजपा में शामिल हुए हैं वे ही इस गठबंधन के हक में बोल रहे हैं।

हरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि स्थानीय नेताओं का गठबंधन को लेकर किसी भी तरह का बयान कोई मायने नहीं रखता। गठबंधन पर फैसला केवल हाईकमान ही ले सकता है। उनके इस बयान के बाद पंजाब भाजपा में दरार आने की संभावना है। सुनील जाखड़, कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे कई नेता जो दूसरी पार्टियों से भाजपा में शामिल हुए हैं उनके और पार्टी के पुराने नेताओं के बीच में दूरी आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जालंधर में प्रशासन का बड़ा एक्शन