Punjab media news : कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मशहूर पंजाबी यूट्यूबर मनी शौकर उर्फ मनप्रीत सिंह समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 विदेशी/देसी निर्मित पिस्तौल और 5 कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देशों पर की गई। डीसीपी सिटी आदित्य एस. वारियर ने बताया कि चौकी जंडियाला प्रभारी एसआई नरिंदर मोहन पुलिस टीम के साथ 18 सितंबर को जंडियाला मोड़ पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो को तलाशी के लिए रोका था। पुलिस का कहना है कि वाहन में बैठे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर पिस्तौल से फायर करने का प्रयास किया। एस आई ने उसका हाथ पकड़कर फायरिंग को रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान आरोपी ने दो गोलियां चला दीं, जो पास के ढाबे की दीवार में जा लगीं। पुलिस टीम ने दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया।
आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शौकर के रूप में हुई, जबकि स्कॉर्पियो चालक की पहचान दिलप्रीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मौके से ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक 19 पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान पुलिस ने 4 और पिस्तौल तथा 2 अतिरिक्त कारतूस बरामद करने का दावा किया। इस तरह कुल 5 पिस्तौल और 5 कारतूस बरामद हुए हैं।
मामले में पुलिस ने यूट्यूबर मनप्रीत सिंह उर्फ मनी शौकर, निवासी गांव अट्टी बाजा, फिल्लौर जालंधर, दिलप्रीत सिंह, निवासी गांव धर्म सिंह वाला, जिला मोगा, मेहर सिंह उर्फ प्रिंस, निवासी न्यू आजाद नगर, लुधियाना को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में 19 सितंबर को थाना सदर,कमिश्नरेट जालंधर में धारा 109 बीएनएस और 25/27-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अवैध हथियार तस्करी गिरोह से लिंक खंगाले जा रहे हैं और अन्य सोशल मीडिया इंफ्लूएंशर से जोड़ कर भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। पुलिस कमिश्नर जालंधर सतिंदर सिंह ने कहा कि अवैध रूप से हथियारों की खरीद-फरोख्त और आपूर्ति में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
g

GIPHY App Key not set. Please check settings