Punjab media news : पंजाब को नशामुक्त कर रंगला पंजाब के सपने को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने महानगर से सूरमा मुहिम का आगाज किया। गुरु नानक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने उन युवाओं को सूरमा की उपाधि देकर सम्मानित किया, जिन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से नशे के जाल को काट दिया है। सीएम मान ने इन युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें विशेष अंगूठियां पहनाईं और ऐलान किया कि जो भी युवा अब समाज की मुख्यधारा में लौटकर अपना नया कारोबार या काम शुरू करना चाहता है, राज्य सरकार उसे हर कदम पर हर संभव मदद और वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन युवाओं ने अपनी जिंदगी को नशे के अंधेरे से निकालकर दोबारा रोशनी की तरफ मोड़ा है, वे समाज के लिए किसी मिसाल से कम नहीं हैं। उन्होंने साफ किया कि सरकार केवल एक सकारात्मक माहौल और नीतियां तैयार कर सकती है, लेकिन असली जमीनी बदलाव युवाओं की खुद की कोशिशों और इच्छाशक्ति से ही मुमकिन है। जब युवाओं को खुद इस बात का अहसास हो जाता है कि नशे की दलदल उनके जीवन को कैसे तबाह कर रही है, तो वे खुद-ब-खुद इससे दूरी बनाने की राह चुन लेते हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि पंजाब एक बार फिर अपनी खोई हुई साख को बहाल करते हुए देश के लिए विकास का एक नया मॉडल बनकर उभर रहा है।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश भर में युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में मोड़ने के लिए तीन हजार अत्याधुनिक जिम और 3,100 सर्वसुविधायुक्त खेल स्टेडियमों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। खेल ही एकमात्र ऐसा जरिया है जो युवा पीढ़ी को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत कर नशे से दूर रख सकता है। मुख्यमंत्री के अनुसार, बच्चों को दी जाने वाली उच्च स्तरीय शिक्षा ही गरीबी को जड़ से खत्म करने का सबसे अचूक उपाय है।
g


GIPHY App Key not set. Please check settings