Punjab media news : संयुक्त किसान मोर्चा से संबंधित किसान संगठनों ने गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपए प्रति क्विंटल घोषित करने सहित किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री फील्ड अधिकारी रजमनदीप कौर और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह को मांग पत्र सौंपा। किसान नेताओं ने पंजाब सरकार को 18 नवंबर तक मांगें पूरी करने का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर 20 नवंबर से धनौवाली रेलवे फाटक पर अनिश्चितकालीन रेल और सड़क जाम किया जाएगा।
किसान नेताओं जगवीर सिंह चौहान और बलविंदर सिंह मल्लीनंगल ने कहा कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में चीनी मिलें चालू हो जाती हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक गन्ने का नया भाव घोषित नहीं किया है। पिछले सीजन में 416 रुपए प्रति क्विंटल भाव था। उन्होंने इस बार 500 रुपए प्रति क्विंटल रेट घोषित करने और सहकारी चीनी मिलों की तर्ज पर निजी मिलों में भी एक काउंटर-एक पेमेंट का फार्मूला लागू करने की मांग की।
उन्होंने बताया कि पिछले सीजन की निजी चीनी मिलों से संबंधित करीब साढ़े सात करोड़ रुपए की सब्सिडी अभी किसानों के खातों में नहीं पहुंची। फगवाड़ा चीनी मिल का वर्ष 2020-21 का 28 करोड़ रुपए बकाया है, जबकि वर्ष 2025-26 के 68.50 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से 18 करोड़ 93 लाख रुपए की राशि भी सरकार ने किसानों के खातों में नहीं डाली है।
किसान नेताओं ने कहा कि सरकार द्वारा धान की खरीद बंद किए जाने के बावजूद मंडियों में करीब 20 लाख मीट्रिक टन धान पड़ा है। इसकी खरीद तत्काल शुरू की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो 20 नवंबर से आंदोलन शुरू होगा।
इस मौके पर बलविंदर सिंह राजू औलख, हरमिंदर सिंह खैहरा, संतोष सिंह संधू, संदीप अरोड़ा, अमरीक सिंह, राजिंदर सिंह, सुखविंदर सिंह डरावा, सतपाल सिंह मिर्जापुर, सुरजीत सिंह, बलजीत सिंह, जसवंत सिंह, गुरविंदर सिंह और बलजीत सिंह सहित विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

