Punjab media news : महाराष्ट्र के जालना जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक 44 वर्षीय महिला जीएसटी अधिकारी और एक निजी कर सलाहकार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कथित रूप से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। यह जानकारी एसीबी ने दी है।
इस मौके पर एसीबी ने बताया कि जीएसटी अधिकारी और निजी कर सलाहकार एक व्यापारी का ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (आईटीसी) बहाल करने के लिए कथित रूप से 60 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे। बिजली उपकरण की दुकान चलाने वाले व्यापारी का ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (आईटीसी) बाधित किए जाने के बाद उसे छह जून को कारण बताओ नोटिस मिला था। इस मामले को लेकर जब वह 17 जुलाई को एक कर सलाहकार के पास पहुंचा तो सलाहकार ने उसे बताया कि राज्य माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत कर अधिकारी आईटीसी बहाल करने के लिए एक लाख रुपये की मांग कर रही है।
एसीबी के अनुसार 28 वर्षीय कर सलाहकार ने व्यापारी से अधिकारी के साथ कथित तौर पर रिश्वत की रकम तय करने के लिए कहा और बाद में बातचीत के बाद रिश्वत की राशि घटाकर 80 हजार रुपये कर दी गई तथा पहली किस्त के तौर पर 60 हजार रुपये देने की बात तय हुई। व्यापारी रिश्वत देने का इच्छुक नहीं था और उसने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से संपर्क किया। एसीबी ने मंगलवार को जाल बिछाया और महिला कर अधिकारी को उसके कक्ष में रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। एसीबी ने बाद में कर अधिकारी और सलाहकार दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एजेंसी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
g



GIPHY App Key not set. Please check settings