Punjab media news : गुरदासपुर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। फरवरी महीने में ही गर्मी का अहसास होने के कारण किसानों में चिंता देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 27 से 29 डिग्री सैल्सियस के बीच रह रहा है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना है। खेती विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मार्च में तापमान तेजी से बढ़ता है, तो इसका सीधा असर गेहूं और अन्य रबी फसलों पर पड़ सकता है।
गेहूं ठंडे मौसम की फसल है और दाना भरने की प्रक्रिया के दौरान अचानक गर्मी बढ़ने से दाना पतला और हल्का रह जाता है, जिससे उपज कम हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार पछेती (देरी से बीजी गई) गेहूं को ज्यादा खतरा है। इसके साथ ही कृषि विभाग ने पीली कुंगी (येलो रस्ट) के संभावित हमले को लेकर भी चेतावनी जारी की है।मुख्य कृषि अधिकारी डा. रणधीर सिंह ठाकुर ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों की नियमित जांच करें और पीली कुंगी के लक्षण दिखने पर तुरंत विशेषज्ञ की सलाह से अनुशंसित दवाओं का छिड़काव करें। साथ ही गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए समय पर सिंचाई करने और संतुलित खाद के उपयोग की सलाह दी गई है। दूसरी ओर, तापमान में वृद्धि से आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है, जिससे डिहाइड्रेशन और वायरल बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
g


GIPHY App Key not set. Please check settings