भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण ने देशभर के हवाई अड्डों पर यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से 7 नई सेवाओं की शुरुआत की है। इन सेवाओं का उद्घाटन केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने राजकोट अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से किया। इसी क्रम में श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा आदमपुर में भी यात्रियों के लिए किड्स जोन, फ्लाईब्ररी और निशुल्क वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाएं शुरू की गई हैं। किड्स जोन में एक समय में लगभग 20 बच्चे खेल सकेंगे, जबकि फ्लाईब्ररी के लिए रैडक्रॉस के सहयोग से करीब 2000 पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अवसर पर आदमपुर के विधायक सुखविंदर सिंह कोटली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, वहीं पूर्व विधायक सुशील कुमार रिंकू ने शुभकामनाएं भेजी। एयरपोर्ट डायरेक्टर पुष्पेंद्र कुमार निराला ने बताया कि इन सुविधाओं से हर वर्ष लगभग 1.75 लाख यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आदमपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और इस तिमाही में पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी वृद्धि की उम्मीद है। बीते वर्ष मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू होने के साथ-साथ अब कोपनहेगन, एम्स्टर्डम और मैनचेस्टर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स की सुविधा भी उपलब्ध है। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों सहित एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
g



GIPHY App Key not set. Please check settings