
Punjab media news ; पुलिस की अधूरी वर्दी पहनकर खुद को असली पुलिसकर्मी बताकर आम लोगों और दुकानदारों को डरा-धमका कर जबरन वसूली करने वाले एक शातिर गिरोह का थाना फोकल पॉइंट की पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका एक साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली ब्रीजा कार, पुलिस की वर्दी से मिलते-जुलते कपड़े और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीती 12 नवंबर को ए.एस.आई. बलजिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ इलाके में नियमित गश्त व चेकिंग पर थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सटीक सूचना मिली कि कुछ शातिर किस्म के युवक एक ब्रीजा कार में सवार होकर इलाके में घूम रहे हैं और पुलिस की अधूरी वर्दी पहनकर लोगों से अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नाकाबंदी व छापेमारी कर मौके से चार आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रिंस, गुरविंदर सिंह, सुरिंदरपाल सिंह और अजीत कुमार निवासी प्रीतम कॉलोनी है।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ब्रीजा कार में सवार होकर औद्योगिक व बाजार क्षेत्रों में निकलते थे। लोगों पर रौब झाड़ने के लिए आरोपी खाकी वर्दी के कुछ हिस्से पहन लेते थे, ताकि देखने वाले को वे असली पुलिस मुलाजिम लगें। इसके बाद ये शातिर दुकानदारों और राहगीरों को किसी न किसी मामले या चेकिंग का डर दिखाकर धमकाते थे और उनसे जबरन पैसे ऐंठ लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वसूली में प्रयुक्त ब्रीजा कार के अलावा खाकी पैंट, लॉन्ग कोट, पगड़ी और 3 मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। थाना फोकल पॉइंट की पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ फर्जी पुलिसकर्मी बनकर ठगी व जबरन वसूली करने समेत विभिन्न संगीन धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का पांचवां सदस्य सिमरनजीत सिंह निवासी ललहेड़ी रोड, खन्ना अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि यह गिरोह अब तक शहर और आसपास के इलाकों में कितने लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

















GIPHY App Key not set. Please check settings