Punjab media news : सुरक्षा के सबसे मजबूत और सुरक्षित माने जाने वाले पुलिस कमिश्नर कार्यालय परिसर से पुलिस हिरासत में लाया गया एक आरोपी पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंककर फरार हो गया। सोमवार दोपहर घटी इस वारदात के बाद कमिश्नर दफ्तर और समूचे पुलिस महकमे में भारी हड़कंप मच गया। फरार हुए आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है। सुरक्षा के भारी तामझाम और सैकड़ों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बीच आरोपी के इस तरह भाग निकलने से पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के फौरन बाद पुलिस ने शहर के मुख्य चौराहों और निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना डेहलों की पुलिस ने आरोपी सुखविंदर सिंह को आलमगीर साहिब इलाके से हिरासत में लिया था। उसके खिलाफ शांति भंग और असामाजिक गतिविधियों की आशंका के चलते पुलिस प्रशासन द्वारा कलंदरा तैयार किया गया था। इसी कानूनी प्रक्रिया और पेशी की कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए सोमवार दोपहर डेहलों पुलिस की टीम आरोपी सुखविंदर सिंह को सरकारी वाहन में लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, सीपी कार्यालय में आरोपी की पेशी से जुड़ी कानूनी और कागजी कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान जब पुलिस मुलाजिम दस्तावेजों के काम में व्यस्त थे, तो सुखविंदर सिंह ने मौके का फायदा उठाया और धीरे से पुलिसकर्मियों की नजरों से बचकर दफ्तर के पिछले हिस्से की तरफ खिसक गया। सोमवार का दिन होने के कारण सीपी कार्यालय परिसर में अपनी फरियाद लेकर पहुंचे आम लोगों की काफी भीड़ मौजूद थी।
आरोपी ने इसी भीड़-भाड़ का सहारा लिया और तेजी से मुख्य सड़क की तरफ भाग निकला। जैसे ही पुलिस कर्मचारियों को अहसास हुआ कि आरोपी हिरासत से गायब हो चुका है, परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मुलाजिमों ने तुरंत शोर मचाते हुए आरोपी के पीछे दौड़ लगाई और उसे दबोचने की पूरी कोशिश की, लेकिन शातिर सुखविंदर सिंह तंग रास्तों और सड़क पर ट्रैफिक का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो गया। दिनदहाड़े सीपी दफ्तर से आरोपी के फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तुरंत अलर्ट जारी किया और सभी थानों व पीसीआर दस्तों को सतर्क कर दिया गया। उधर, थाना डेहलों के प्रभारी ने बताया कि वह फिलहाल किसी आवश्यक ड्यूटी के चलते बाहर हैं और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के तमाम तथ्यों और परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है और लापरवाही बरतने वाले मुलाजिमों की भूमिका की समीक्षा के साथ-साथ फरार आरोपी के खिलाफ कस्टडी से भागने का नया आपराधिक मामला दर्ज कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
g

GIPHY App Key not set. Please check settings