Punjab media news : शहर के फोलड़ीवाल इलाके में सोमवार देर रात एक खड़ी स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लगने से सनसनी फैल गई। आग इतनी तेजी से बढ़ रही थी ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने खेतों के पास एक छप्पड़ के निकट खड़ी स्कॉर्पियो को धू-धू कर जलते देखा। आग बुझाने के लिए जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वाहन के अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ है, जो आग की चपेट में आ चुका था। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था और अंदर मौजूद व्यक्ति का शव भी बुरी तरह झुलस चुका था। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी, जिससे वाहन की पहचान करने में भी मुश्किल आ रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से लगी। वहीं पुलिस हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है। शुरुआती जांच में इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को वाहन में रखकर आग लगाई गई हो। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वाहन व मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
g



GIPHY App Key not set. Please check settings