नई दिल्ली (ब्यूरो)-इस बार पूरे देश में गर्मी रिकार्ड तोड़ने को तैयार है। कुछ राज्यों में तो इसने तेवर दिखाने शुरू भी कर दिए हैं। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मार्च के महीने में गर्मी का 76 साल पुराना रेकॉर्ड टूट गया। इससे पहले मार्च के महीने में दिल्ली में 1945 में 40 के पार पारा गया था। उस साल 31 मार्च को 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था।
रविवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री रहा। स्काईमेट के अनुसार 2011 से अब तक की यह सबसे गर्म होगी होगी। 2011 पर होली 19 मार्च को पड़ी थी और इस दिन तापमान 35.4 डिग्री रहा था। वहीं 12 मार्च 2017 को सबसे ठंडी होली रही थी जब तापमान महज 23.6 डिग्री दर्ज किया गया था।
उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी चलेगी लू
गर्मी के कारण जिन जगहों पर सबसे ज्यादा काम करने में दिक्कत आएगी, उनमें उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इन जगहों के साथ तटीय इलाकों में कोलकाता, मुंबई एवं हैदराबाद जैसे शहरी इलाके भी शामिल हैं, जहां पर गर्मी के कारण काम करने में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। जर्नल जियोफिजिक्स रिसर्च लेटर में प्रकाशित शोध के मुताबिक दो डिग्री तापमान बढ़ने से इसका सामना करने वाली आबादी में मौजूदा समय के मुकाबले तीन गुना तक वृद्धि हो जाएगी।
मई तक रहें सावधान
मौसम विभाग का कहना है कि बढ़े तापमान का असर दिखाई देने लगा है। आने वाले महीनों में देश के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का प्रकोप पहले से ज्यादा देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण प्रायद्वीप एवं समीपवर्ती मध्यभारत के अधिकतम उपसंभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ईस्ट यूपी, वेस्ट यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में सामान्य से ज्यादा तापमान रहने की उम्मीद है। इन इलाकों में गर्म दिनों के साथ-साथ रातें भी काफी गर्म होंगी।
कोंकण और गोवा इलाके में मई तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार पूरे उत्तर और मध्य भारत में सोमवार यानी 1 मार्च का तापमान सामान्य से 3-6 से डिग्री तक अधिक है।