काबुल | अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में बंदूकधारियों ने गुरुद्वारे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी है। इस हमले में कम से कम 25 लोगों के मारे जाने की भी आशंका है। गुरुद्वारा अध्यक्ष गुरनाम सिंह के हवाले से यह जानकारी दी है। गुरनाम सिंह ने बताया है कि बंदूकधारियों ने अचानक गुरुद्वारे पर धावा बोला और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। कुछ लोग इमारत के दूसरी तरफ छिपे हुए हैं। कम से कम 25 लोगों को जान बचाने का मौका नहीं मिला और वे आतंकवादियों की गोली के शिकार हो गए। उनके अनुसार आतंकवादी आईएसआईएस के हैं। उन्होंने भारत सरकार से अनुरोध किया है कि बिना किसी और देरी के अफगान अल्पसंख्यकों को तुरंत वहां से वापस भारत लाया जाए। वे छह महीने से ई-वीजा का इंतजार कर रहे हैं।
गुरुद्वारा कार्ते परवान काबुल में सिख समुदाय का केंद्रीय गुरुद्वारा है। तालिबान के अधिग्रहण के बाद से देश में कम से कम 150 अफगान सिख अभी भी फंसे हुए हैं। वे पिछले कुछ महीनों से भारत से वीजा मांग रहे हैं।
बता दें कि पिछले अक्तूबर में, तालिबान के सत्ता में आने के कुछ महीने बाद, अज्ञात बंदूकधारियों ने गुरुद्वारा करते परवन पर धावा बोल दिया था और संपत्ति में तोड़फोड़ की थी। तब से, अफगान सिख भारत को बचाए जाने की अपील कर रहे हैं।