औरैया (PMN): उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव सेहुद में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां आज एक महिला और उसकी 3 मासूम बच्चियों के शव घर में साड़ी से लटके मिले। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच कर घटना की जांच-पड़ताल में जुटे हैं। गांव वालों का कहना है कि पति-पत्नी में काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार सेहुद गांव में कुलदीप कुमार की पत्नी व 3 छोटी-छोटी बच्चियों के शव एक साथ घर में फांसी पर लटके मिले। कुलदीप मेहनत-मजदूरी करता है, गुरुवार सुबह मजदूरी के लिए दिबियापुर गया था। दोपहर में घर आया तो दरवाजा बंद मिला। काफी आवाज देने पर दरवाजा नहीं खुला तो वह पड़ोसी की छत से अपने घर में गया। घर का नजारा देखा उसके होश उड़ गए। घर में उसकी पत्नी एवं तीनों बेटी के शव साड़ी से लटके हुए थे। मृतकों में बड़ी बेटी 7 वर्ष, दूसरी 6 वर्ष और सबसे छोटी 6 महीने की थी।