नई दिल्ली । भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में शुक्रवार को उनके पश्चिमी दिल्ली स्थित आवास से गिरफ्तार किया है। वहीं, इस मामले में दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस पर अपहरण का मामला दर्ज करते हुए पंजाब पुलिस को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रोक लिया है। पुलिस की गाड़ी को करीब आधे घंटे से रोका हुआ है। जिुसके बाद कुरुक्षेत्र के एसपी, करनाल के एसपी और अंबाला के एसपी भी मौके पर पहुंच गए हैं। पंजाब पुलिस के एसपी स्तर के अधिकारी भी गाड़ी में मौजूद हैं। हरियाणा पुलिस के अधिकारी अभी पूछताछ कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि पंजाब पुलिस बग्गा को गैरकानूनी तरीके से लेकर जा रही है।
वहीं, इससे पहले पंजाब पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153-ए (दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करना) 505 (अफवाहें फैलाना) और 506 (धमकी देना) के तहत बग्गा पर मामला दर्ज किया था। इससे पहले भी, पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी आई थी, लेकिन बग्गा के घर पर नहीं होने के कारण उन्हें कामयाबी हासिल नहीं हुई। उन्हें मोहाली ले जाया जा रहा है।
उनकी नजरबंदी के तुरंत बाद, भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस की आलोचना की। पार्टी के एक अन्य नेता नवीन जिंदल ने आम आदमी पार्टी पर पुलिस का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया, जबकि प्रवीण शंकर कपूर ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया।