Punjab media news : मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने के मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। चारों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 11 दिन पुलिस कस्टडी में सौंपा है।
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि सरकार सभी आरोपियों को मौत की सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
इस बीच कोलकाता में एक रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- आपने ‘बेटी बचाओ’ का नारा दिया था, अब आपका नारा कहां है। आज मणिपुर जल रहा है, पूरा देश जल रहा है।
ममता बोलीं- कब तक बेटियां जलाई जाएंगी
ममता ने कहा- मैं पीएम मोदी से पूछना चाहती हूं कि क्या मणिपुर की घटना से आपको थोड़ा भी दुख नहीं हुआ? आप पश्चिम बंगाल पर उंगली उठाते हैं, लेकिन क्या आपको बहनों और मांओं के लिए प्यार नहीं है? कब तक बेटियां जलाई जाएंगी, दलित और अल्पसंख्यक लोग मारे जाएंगे? हम मणिपुर नहीं छोड़ेंगे, पूर्वोत्तर की बहनें हमारी बहनें हैं।
ममता ने आगे कहा- बिलकिस बानो के मामले में आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। पहलवानों के मामले में (बृजभूषण शरण सिंह) जमानत दे दी गई। देश की महिलाएं आने वाले चुनाव में आपको देश की राजनीति से बाहर कर देंगी।
4 मई को कांगपोकपी जिले में हुई थी घटना
महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने की घटना 4 मई को राजधानी इंफाल से लगभग 35 किलोमीटर दूर कांगपोकपी जिले में हुई थी। इसका वीडियो 19 जुलाई (बुधवार) को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके ले जा रहे हैं और उनसे अश्लील हरकतें कर रहे हैं।