Punjab media news : संसद के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA के सांसदों ने मांग की है कि प्रधानमंत्री मोदी संसद के दोनों सदनों में मणिपुर मामले पर बयान दें। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि विपक्ष चर्चा से क्यों भाग रहा है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों से संसद में विस्तार से चर्चा करने की अपील की।
कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर और मनीष तिवारी ने मणिपुर पर चर्चा करने के लिए सोमवार को स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है। जिसमें चर्चा करने के लिए शून्यकाल, प्रश्नकाल और दिन के अन्य कामों को निलंबित करने के लिए कहा गया है।
कुछ समुदायों को ST में शामिल करने के लिए बिल पेश होगा
ट्राइबल अफेयर्स मिनिस्टर अर्जुन मुंडा हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जनजातियों की सूची में कुछ समुदायों को शामिल करने के लिए संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (तीसरा संशोधन) विधेयक, 2022 राज्यसभा में पेश करेंगे। यह विधेयक पिछले साल लोकसभा द्वारा पारित किया गया था।
मानसून सत्र के तीसरे दिन मणिपुर हिंसा को लेकर नेताओं के बयान…
देश की मांग है सरकार और पीएम मोदी को मणिपुर के मुद्दे पर बोलना चाहिए। देश में शांति बहाल करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। आज हम इस मुद्दे के खिलाफ संसद में विरोध करने जा रहे हैं। राज्यसभा के सभापति को हमें मणिपुर मुद्दे पर चर्चा करने की अनुमति देनी चाहिए।