Punjab media news : पंजाब के जालंधर जिले में लुटेरों का खौफ कम नहीं हो रहा है। शहर के रामनगर में एक महिला के गले से सोने की चेन झपट कर भागे लुटेरों को लोगों ने पकड़ लिया और इनकी जमकर धुनाई की। दरअसल, जैसे ही लुटेरे चेन छीनकर भागे तो महिला का पति उनके पीछे लग गया। वह जिस गली में जाएं, पति चोर-चोर का शोर मचाते हुए उनके पीछे भाग रहा था। अपनी घेराबंदी होने पर वह एक गली से भागने की फिराक में थे कि लोगों ने दोनों को दबोच लिया।
इसके बाद लोगों ने मोटर साइकिल पर सवार दोनों लुटेरों की जमकर धुनाई की। पहले दोनों लुटेरे यह मानने को तैयार नहीं थे कि उन्होंने कोई स्नैचिंग की है, लेकिन जब लोगों ने दोनों की धुनाई के बाद सख्ती से पूछताछ की तो दोनों मान गए कि उन्होंने गले से चेन छीनी थी। दोनों लुटेरों ने बताया कि उनके नाम शीतल और अमन हैं। वह दोनों ही तरनतारन के रहने वाले हैं और जालंधर में अपने किसी रिश्तेदार के पास ठहरे हुए हैं।
रेलवे फाटक बंद होने से पकड़े गए
गांधी कैंप निवासी महिला, जिसके गले से दोनों लुटेरे चेन छीन कर फरार हुए थे, के पति प्रवीण कुमार ने बताया कि वह दोनों का पीछा कर रहे थे। वे रामनगर फाटक की तरफ भागे, लेकिन आगे फाटक बंद था। यह दोनों रामनगर की गलियों में घुस गए। दोनों ने यह सोचा कि वह गलियों से भाग जाएंगे, लेकिन उन्होंने वह गली पकड़ी, जो बाहर आकर मिलती थी। वहां पर उन्होंने शोर मचाया तो लोगों ने इन्हें पकड़ लिया।
रास्ते में फेंक दी चेन
लुटेरों से जब लोगों ने चेन के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि चेन उनके पास नहीं है। जब महिला के पति ने उनका पीछा शुरू किया तो रास्ते में उन्होंने चेन एक जगह पानी में फेंक दी थी। महिला के पति प्रवीण ने कहा कि सोने की चेन 22 हजार में बनाई थी। चेन का बिल भी उनके पास है। उन्होंने यह भी कहा कि यह दोनों लुटेरे पहले लड़कियों से मोबाइल फोन भी छीन चुके हैं।