रायकोट रोड पर रहने वाला एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया। यहां लड़की के परिजन ने लड़के की तीन दिन तक बंधक बनाकर लाठी, बेल्ट और बेसबॉल बैट से बेरहमी से पिटाई की। पीड़ित लड़के के शरीर पर काफी चोट के निशान हैं।
बाद में परिजन ने उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारी सुरिंदरपाल ने बताया कि पुलिस मामले की डॉक्टरी रिपोर्ट आने और पीड़ित के बयान दर्ज करने के बाद में कार्रवाई करेगी।
घायल युवक जीवन ने बताया कि उसकी शहर की एक लड़की से दोस्ती थी। 3 दिन पहले उससे उसके घर मिलने गया था। इस दौरान लड़की के परिवार के 10 लोगों ने पकड़कर पीटा और कमरे में बंद करके बांध दिया। 3 दिन तक उसे खाना और पानी भी नहीं दिया और मारकर नहर में फेंकने की बात कह रहे थे।
सिर, पीठ और टांगों पर हैं चोट के निशान
युवक के बड़े भाई गुरपाल सिंह ने बताया कि जीवन तीन दिन से लापता था और उसका फोन बंद था। जब अगले दिन नहीं आया तो रिश्तेदारों और जानकारों से फोन करके उसके बारे में पूछा लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को शिकायत की। शुक्रवार को पता चला कि जीवन को बरनाला में बंदी बनाकर रखा हुआ है, जिसके बाद लड़की के घर पर गए। वहां से लाकर अस्पताल में भर्ती करवाया। उसकी पीठ, हाथ, टांगों, सिर और आंख पर मारपीट के निशान हैं। वहीं एडवोकेट धीरज कुमार ने कहा लड़की के परिजनों पर बंधक बनाने, जान से मारने की कोशिश करने व मारपीट करने का पर्चा दर्ज हो सकता है।