जालंधर (PMN):होशियारपुर हाईवे पर गांव हजारा के नजदीक पुलिस नाके पर तैनात थाना पतारा के ए.एस.आई. बलबीर सिंह ने इलाज दौरान रामा मंडी के जौहल अस्पताल में देर रात को दम तोड़ दिया।
थाना भोगपुर के गांव चक्क झंडू के रहने वाले ए.एस.आई. बलबीर सिंह जालंधर से होशियारपुर की तरफ जा रही एक तेज-रफ्तार कार की चपेट में आने से गम्भीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें जौहल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। एस.एच.ओ. पतारा ने बताया कि आरोपी कार चालक बलराज सिंह पुत्र मनोहर सिंह निवासी गांव दूहड़े थाना आदमपुर जिला जालंधर जो कि एक बैंक में मैनेजर है, के खिलाफ थाना पतारा में आई.पी.सी.की धारा 304-ए के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने हादसे के बाद उसे काबू कर लिया था लेकिन बाद में जमानत पर रिहा कर दिया था। अब पुलिस उसके खिलाफ जोड़ी गई धारा 304-ए में उसकी गिरफ्तारी दिखाएगी। उसकी कार पुलिस के कब्जे में है।
थाना प्रभारी पतारा ने बताया कि मृतक ए.एस.आई. बलबीर सिंह ने ए.एस.आई. बनने से पहले लम्बे समय तक नायब कोर्ट की भी सेवाएं निभाई थीं। उसका सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। देर शाम को सिविल व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में ए.एस.आई. का उसके गांव चक्क झंडू में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौैरान मुख्य तौर पर एस.पी. रविन्द्रपाल सिंह संधू, डी.एस.पी. आदमपुर हरिन्द्र सिंह मान तथा एस.डी.एम.-2 मौजूद थे।