पानीपत (PMN): भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी की अगुवाई में तीन कृषि अध्यादेशों के विरोध में दिल्ली कूच कर रहे हजारों किसानों का काफिला गुरुवार शाम पानीपत पहुंच गयेे और किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पर टोल टैक्स बैरियर पर डेरा डाल लिया।
चढूनी ने आगे की रणनीति बताते हुए कहा कि शुक्रवार सुबह आठ बजे दिल्ली के लिए निकलेंगे। इससे पहले पानीपत के गांव गांजबड के पास बड़ी संख्या में पहले से ही मौजूद किसानों ने श्री चढूनी और उनके काफिले का जोरदार स्वागत किया।
रोहतक-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 32 ट्रैक्टर ट्राली में सवार किसान पहले सोनीपत जिला में गांव मुडलाना में पुलिस का नाका तोड कर पानीपत के गांव शाहपुर पहुंचे। यहां पर पुलिस के एक के बाद एक लगे तीन नाकों पर किसानों के काफिले को रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसानों की एकता और हौंसले के आगे नाकों पर तैनात पुलिस बल की एक न चली और किसानों का काफिला एक के बाद एक पुलिस के तीन नाकों को तोडता हुआ गांव शाहपुर पहुंच गया।