नागपुर( ब्यूरो)-RSS प्रमुख मोहन भागवत भी कोरोना की चपेट में हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित भागवत को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उधर,देश में कोरोना केसों की संख्या बढ़ती जा रीह है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद करने के आदेश दिए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में पहले ही नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। राजधानी के सर गंगाराम अस्पताल में एक साथ 37 डॉक्टर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। यही नहीं एम्स में भी कई डॉक्टरों को कोरोना संक्रमण हो गया है। बताया जाता है कि कई डॉक्टर कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके थे।
महाराष्ट्र में दैनिक मामलों के रोज ही नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। पिछले 24 घंटों में यहां संक्रमण के 58,993 मामले सामने आए हैं। इसी अवधि में 45,391 लोग ठीक हुए और 301 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 32 लाख 88 हजार 540 हो गई है। सक्रिय मामलों की संख्या पांच लाख 34 हजार 603 है।