नई दिल्ली (ब्यूरो) –कोरोना का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहे। आने वाले 4 हफ्ते देश के लिए नाजुक हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि अगले चार हफ्तों में महामारी की दूसरी लहर को नियंत्रित करने के लिए लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। भारत में कोविड-19 महामारी की तीव्रता बढ़ी है। पिछली बार के मुकाबले तेजी से महामारी फैल रही है। देश में कोविड-19 से सर्वाधिक बुरी तरह प्रभावित 10 जिले हैं। जिसमें महाराष्ट्र के सात, छत्तीसगढ़ का एक कर्नाटक का एक और दिल्ली भी शामिल है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा बहुत से लोगों ने पूछा है कि सभी का टीकाकरण क्यों नहीं करना चाहिए। इस तरह के टीकाकरण अभियान के दो उद्देश्य हैं, मौतों को रोकना और स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रक्षा करना। इसका उद्देश्य उन लोगों को वैक्सीन देना नहीं है जो इसे चाहते है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को देना है। इस सबके बीच चिंता की बात ये भी है कि भारत इस वक्त कोरोना के गंभीर मामलों की लिस्ट में सबसे ऊपर है, यानी कोरोना के जितने भी एक्टिव केस इस वक्त दुनिया में हैं उनमें सबसे अधिक गंभीर मामले भारत में हैं।