अमृतसर(PMN): रामबाग पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में 6 युवकों के खिलाफ देर रात केस दर्ज किया है। पीडि़ता फाजिल्का की बताई जा रही है, जो गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां साहिब में माथा टेकने के बाद बस अड्डेे पहुंची थी। वहीं युवती की युवराज नाम के युवक से दोस्ती हो गई और वह उसे अटारी ले गया। बुधवार की रात 6 युवकों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया और सुबह बाइक से छेहरटा के पास इंडिया गेट छोड़कर फरार हो गए। सब-इंस्पैक्टर राजविंदर कौर ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है। पीडि़ता का मैडीकल करवाया जाना बाकी है। आरोपियों की पहचान के लिए अटारी पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। बस अड्डा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई जा रही है।
पीडि़ता ने बताया कि मंगलवार को वह फाजिल्का से श्री दरबार साहिब और बाबा शहीदां साहिब गुरुद्वारा के दर्शन करने अमृतसर पहुंची थी। उसी रात वह गुरुद्वारा साहिब परिसर में ही सो गई। बुधवार की सुबह वह 10 बजे घर लौटने के लिए अमृतसर के बस अड्डा पर पहुंच गई। बस का इंतजार करते समय उसकी मुलाकात युवराज सिंह नाम के युवक से हो गई। बातों-बातों में दोनों में दोस्ती हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसे भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय बार्डर दिखाने की बात कही। वह मान गई और उसके साथ बाइक पर सवार हो गई।
युवती के मुताबिक रास्ते में युवराज ने अपने अन्य साथी गुरसेवक सिंह को भी साथ ले लिया। आरोपी उसे प्रीत नगर नाम के इलाके में एक हवेली में ले गए। युवराज और गुरसेवक ने अपने चार साथी छोटू, कीपू, भिंदा और तारा को भी वहां बुला लिया। सारी रात उसके साथ हवेली में आरोपियोंं ने दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकियां दी। वीरवार की सुबह गुरसेवक और युवराज उसे बाइक से इंडिया गेट के पास छोड़कर फरार हो गए। वह किसी तरह बस अड्डा पुलिस के पास पहुंची और घटना के बारे में जानकारी दी।