जालंधर (ब्यूरो): एक तरफ पंजाब सरकार ने मिनी लॉकडाऊन और वीकैंड लॉकडाऊन लगाया है वहीं कुछ कंपनियों के संचालक सरकार के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। नकोदर चौक के पास मुथुट फाइनेंस का रीजनल दफ्तर भी सरकार के नियमों की अवहेलना करते हुए लॉकडाऊन में खोला गया। आज जब इसकी जानकारी थाना नंबर 6 की पुलिस को मिली तो पुलिस टीम ने रेड की। रेड के दौरान जब पुलिस ने दफ्तर में एंट्री की तो अंदर का नजारा देख पुलिस के होश फाख्ता हो गए। अंदर करीब 20 मुलाजिम काम कर रहे थे। ये सारे मुलाजिम मैनेजर गुरतेज सिंह की अगुवाई में काम कर रहे थे। आज वीकैंड लॉकडाऊन होने के बावजूद इसका उल्लंघन होना कानूनी जुर्म है। उल्लेखनीय है कि पंजाब मीडिया न्यूज ने इस उल्लंघन की खबर पहले भी प्रकाशित की थी।
सूत्रों की मानें तो आज भी पब्लिक डीलिंग हो रही थी। पुलिस ने रेड के दौरान देखा कि करीब 20 लोग काम कर रहे थे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। पुलिस ने रेड के दौरान करीब 6 लोगों को पकड़ा और थाने ले गई। स्टाफ में लड़कियां भी शामिल थीं। सूत्रों के मुताबिक पहले तो यहां बैठा स्टाफ ग्राहकों को फोन करके लॉकडाऊन में लोन की किश्तें जमा करवाने को कहता है और कई लोगों को लोन देने की बात कही जाती है। यानि कुलमिलाकर आम दिनों की तरह ब्रांच में काम चल रहा था।