जालंधर | जालंधर में यूथ कांग्रेस नेता अंगद दत्ता के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करने और उसके घर छापेमारी करने वाले पुलिस अधिकारियों के तबादले हो गए हैं। इनमें जालंधर सेंट्रल के एसीपी सुखदीप सिंह, थाना बारादरी के प्रभारी कमलजीत सिंह व एएसआई बलविंदर सिंह का तबादला हो गया। कमलजीत सिंह और बलविंदर को फाजिल्का भेजा गया है। वहीं, एसीपी सुखदीप सिंह का अमृतसर ट्रांसफर हुआ है।
दरअसल बीते दिनों सेंट्रल हलके थाना बारादरी की पुलिस ने यूथ कांग्रेस नेता अंगद दत्ता के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया था और इसके बाद उनके घर में रेड भी की थी। इस दौरान पुलिस को अंगद दत्ता नहीं मिले थे लेकिन कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा किया था। रेड के दूसरे दिन ही पुलिस अधिकारियों के तबादले हो गए हैं। इससे साफ होता है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार होने के बावजूद पुलिस में कांग्रेस की पूरी पकड़ है।