चंडीगढ़ (ब्यूरो): पंजाब कांग्रेस में कलह थमने का नाम नहीं ले रही। पूर्व कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का खतरा बढ़ गया है और पंजाब कांग्रेस में इसकी मांग उठने लगी है। सूत्रों के मुताबिक तीन कैबिनेट मंत्रियों ब्रह्म मोहिंद्रा, सुंदर शाम अरोड़ा और साधू सिंह धर्मसोत ने पार्टी हाईकमान से सिद्धू के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। इन मंत्रियों ने कहा है कि सिद्धू पंजाब में कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अतः उनके विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।
ब्रह्म मोहिंद्रा, सुंदर शाम अरोड़ा और साधू सिंह धर्मसोत ने नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर किए जा रहे हमलों को अनुशासनहीनता बताया है।
मंत्रियों ने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ नवजोत सिंह सिद्धू के बयान को गंभीर अनुशासनहीनता और कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को कमजोर करने वाला बताया। मंत्रियों ने चेतावनी दी है कि सिद्धू के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस की राज्य इकाई में असंतोष बढ़ेगा जो पार्टी के लिए घातक होगा। मंत्रियों के समूह ने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि सिद्धू व्यक्तिगत और राजनीतिक हित से काम कर रहे हैं।