नई दिल्ली (मनप्रीत सिंह खालसा): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार ने राजधानी में कोविड आपालकाल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि दिल्ली में कोविड-19 महामारी की भयावह स्थिति के कारण प्रति 10 मिनट में औसतन एक व्यक्ति की मृत्यु हो रही है। अरविन्द सरकार कोविड नियंत्रण को लेकर दिल्ली में पूरी तरह से विफल हो गई है।
चौ. अनिल कुमार ने कहा कि नवम्बर महीने में 1-22 तरीख तक के आंकड़ो के अनुसार कोरोना से होने वाली मृत्यु दर में 103% की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि देश में प्रति 5 कोविड संक्रमितों में से एक की मृत्यु दिल्ली में हो रही है और राजधानी में यह मृत्यु दर देश के मुकाबले 4 गुणा अधिक है। दिल्ली देश ही नही दुनिया में सबसे अधिक संक्रमित शहर बन गई है। चौ. अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली में प्रतिदिन सामने आ रहे कोविड के भयावह आंकडे अरविन्द सरकार की नाकामी और प्रशासनिक अक्षमता को उजागर करते है। चौ. अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते मृत्यु के मामलों पर अरविन्द सरकार के पास कोई जवाब नही है। चौ. अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली में कोरोना प्रबंधन को देखे तो ऐसा प्रतीत होता है कि अरविन्द सरकार की गलत नीतियों के कारण दिल्ली ध्वस्त हो रही है।