नई दिल्ली (मनप्रीत सिंह खालसा): गुरु नानक साहिब के 551वें प्रकाश पर्व को समर्पित ‘कौर राइड’ आज फतेह नगर से गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब तक निकाली गई। जागो यूथ कौर ब्रिगेड की अध्यक्षा अवनीत कौर भाटिया के नेतृत्व में महिलाओं ने स्कूटी, बाइक और बुलेट मोटरसाइकल पर सवारी की। गुरुद्वारा बाबा जोरावर सिंह बाबा फतेह सिंह से शुरू हुई 15 किलोमीटर लंबी राइड में शामिल महिलाओं ने गुरुद्वारा नानक प्याऊ साहिब तक रास्ते में शब्द गायन किया। जागो के प्रदेश अध्यक्ष चमन सिंह शाहपुरा ने भी महिलाओं का हौसला बढ़ाने के लिए साथ में अपनी स्कूटी पर सवारी की। गुरुद्वारा नानक प्याऊ पहुँच कर महिलाओं ने शब्द गायन करने के बाद गुरु साहिब के चरणों में कोरोना महामारी से मानवता को निजात दिलवाने की अरदास की।अवनीत ने बताया कि कुल 70 दुपहिया वाहनों ने राइड में भाग लिया। जिसमें 5 बुलेट और 1 यामाहा मोटरसाइकल शामिल थे। हमारा मकसद गुरु साहिब के द्वारा महिला सशक्तिकरण के दिए गए संदेश तथा सामाजिक बुराइयों से लड़ने के बताए गए रास्ते पर महिलाओं को चलने के लिए प्रेरित करने का था। साथ ही महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा हो कि वो पुरुषों से कम नहीं हैं, इस भावना का संचार करना भी मुख्य कारण था।