जालंधर(PMN): कोरोना का प्रकोप थम नहीं रहा है। वीरवार को जालंधर में कोरोना वायरस संक्रमण के 26 नए केस रिपोर्ट किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इनके विवरण का इंतजार किया जा रहा है।
इससे पहले, बुधवार को कोरोना ने जिले में अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। पहली बार एक ही दिन में 97 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें पहले से संक्रमित पाए गए एसएसपी देहाती नवजोत सिंह माहल की पत्नी (कैंब्रिज स्कूल की प्रिंसिपल), बेटी, घर का रसोईया तथा उनके साथ रहने वाले दो पुलिस मुलाजिम शामिल हैं। यही नहीं आरटीए दफ्तर के भी एक साथ आठ मुलाजिम तथा फिल्लोर के डीएसपी भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
इसी तरह कोरोना पॉजिटिव पूर्व मंत्री मोहिंदर सिंह केपी के संपर्क में आने से उनके सुरक्षा कर्मी व स्टाफ के छह सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए हैं। जिले में मरीजों की संख्या 1433 तथा मरने वालों की 31 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य केंद्रों से 28 मरीजों को छुट्टी कर घर में आइसोलेशन के लिए भेजा गया है।