तरनतारन (ब्यूरो): प्रेमिका द्वारा शादी से इंकार करने पर भिखीविंड के युवक सतनाम सिंह ने खुद को गोली मार ली। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। कस्बा भिखीविंड निवासी रंजीत सिंह ने बताया कि उसके बेटे सतनाम सिंह का कस्बे की एक युवती के साथ तीन वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की वालों की ओर से पहले विरोध किया गया। फिर दोनों परिवारों ने मिलकर विवाह करवाने का फैसला किया। कोरोना महामारी के चलते सादे विवाह को तरजीह दी गई।
मंगलवार को लड़की वालों ने उनके बेटे को गुरुद्वारा साहिब में आनंद कारज के लिए बुला लिया। इस दौरान उनके बेटे सतनाम सिंह द्वारा विवाह की तैयारी कर ली गई। अचानक लड़की ने सतनाम सिंह से विवाह करने से इनकार कर दिया। सतनाम सिंह ने लाइसैंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। सतनाम सिंह को गंभीर हालत में निजी अस्पताल दाखिल करवा दिया गया है। थाना भिखीविंड प्रभारी इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह मल्ली का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।