फाजिल्का जिले के बाढ़ प्रभावित लोगों को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ी राहत दी। जिले में बाढ़ के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए साल 2020 के बकाया 32 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि तुरंत जारी करने का सीएम मान ने आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को यहां अपने कार्यालय में फाजिल्का जिले के विधायकों के साथ हुई बैठक के दौरान यह फैसला लिया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अफसोस जाहिर किया कि साल 2020 में फाजिल्का जिले में बाढ़ के कहर से भारी नुकसान हुआ था लेकिन उस समय की सरकार ने सिवाय बहाने के लोगों को कुछ राहत नहीं दी। उन्होंने बताया कि जिले के अबोहर, अरनीवाला और जलालाबाद ब्लाक में बाढ़ ने बड़ा नुकसान किया था।
भगवंत मान ने बताया कि 28 करोड़ रुपये की फसलों को नुकसान पहुंचा था, जबकि घरों और अन्य अदारों को चार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने के बजाय तत्कालीन राज्य सरकार इस मामले में ढील कर रही थी, जिससे संकट में घिरे लोगों को राहत न मिल सकी।
उन्होंने कहा कि उस समय की सरकार का नकारात्मक रवैया इस बात से नजर आता है कि लोगों को मुआवजे के तौर पर एक पैसा भी नहीं दिया गया। लोगों की भलाई के लिए चिंतित आम आदमी की सरकार इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग को आदेश दिया कि लोगों को मुआवजा जल्द बांटने की औपचारिक कार्रवाई तुरंत पूरी करें।
इस काम को समयबद्ध ढंग से मुकम्मल किया जाए और किसी भी तरह की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पर फाजिल्का जिले से विधायक नरिंदरपाल सिंह, अमनदीप सिंह और जगदीप कंबोज ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने फाजिल्का के लोगों को बड़ी राहत दी है।