चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ को स्लम फ्री सिटी बनाने के लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। बीते दिनों प्रशासन ने चंडीगढ़ के सबसे बड़े स्लम एरिया कालोनी नंबर-4 में बने अवैध मकानों को गिराया है। इसी कड़ी में यूटी प्रशासन ने अब दो और बड़ी कालोनियों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए है। अब इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय कालोनी और सेक्टर-25 स्थित जनता कालोनी पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
प्रशासन ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित संजय कॉलोनी को हटाने के लिए 21 दिन का समय दिया गया है। इसके अलावा जनता कालोनी को हटाने के लिए सात दिन का नोटिस दिया है। दोनों कॉलोनियों के बाहर मंगलवार को डीसी ऑफिस के कर्मचारियों ने नोटिस बोर्ड लगा दिए गए हैं और लोगों को इन दोनों कालोनियों को खाली करने के आदेश हैं।