पंजाब के मोहाली जिले में एक मेले में रविवार रात को बड़ा हादसा हो गया। यहां के फेज-आठ के दशहरा मैदान में लगे मेले में रविवार रात ड्रॉप टावर झूला 50 फुट की ऊंचाई से अचानक नीचे गिर पड़ा। झूले पर करीब 30 लोग सवार थे। सभी घायल हो गए। इनमें पुरुष-महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। 13 लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं। पांच को सिविल और शेष को निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।
जिला प्रशासन ने जांच का आदेश दिया है। हादसे के बाद झूला संचालक कर्मचारियों समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम सरबजीत कौर और नायब तहसीलदार अर्जुन ग्रेवाल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। डीसी अमित तलवार ने कहा कि घटना की जांच करवाई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फेज-आठ के दशहरा ग्राउंड में लंदन ब्रिज नाम से मेला लगाया गया है। रविवार की छुट्टी के चलते यहां काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। ड्रॉप टावर झूले के पास काफी भीड़ थी। झूले पर करीब 30 लोग सवार होकर आनंद ले रहे थे। झूला घूमते हुए ऊपर की ओर जा रहा था। टॉप पर पहुंचने से पहले उसमें अचानक खराबी आ गई। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले सीट समेत 50 फुट से तेज गति से नीचे आकर गिरे।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कई लोगों की सीट बेल्ट टूट गई और वो उछलकर सीट से बाहर आ गिरे। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। झूले के नीचे गिरते ही संचालक और कर्मचारी भाग निकले। लोगों ने उनका पीछा करने कोशिश की लेकिन कोई हाथ नहीं आया। इस दौरान मेला स्थल पर भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंचे डीएसपी सिटी-2 हरसिमरन सिंह बल ने कहा कि रविवार को मेले में काफी भीड़ थी। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह हादसा कैसे हुआ। उसी के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।