चंडीगढ़ | पंजाब में फर्जी डिग्री पर सरकारी नौकरी करने वाले जल्द बर्खास्त होंगे। पंजाब के CM भगवंत मान ने खुद इसका ऐलान किया। मान ने कहा कि कुछ रसूखदार और नेताओं के रिश्तेदार जाली डिग्री पर सरकारी नौकरी कर रहे हैं। जल्दी ही पंजाब के लोगों के टैक्स के एक-एक पैसे का हिसाब लोगों के सामने लाएंगे। स्पष्ट है कि जल्द इस मामले में सरकार पर्दाफाश कर सकती है।
कुछ दिन पहले पंजाब राज सहकारी खेतीबाड़ी विकास बैंक में भर्ती डिप्टी जनरल मैनेजर के फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ। वह 21 साल से नौकरी कर रहे थे। मान सरकार ने उन्हें कुर्सी से हटा दिया। डिप्टी जनरल मैनेजर अमनदीप सिंह पर आरोप लगा कि वह गलत योग्यता से भर्ती हुए। पद के लिए जो योग्यता चाहिए थी, वह इनके पास नहीं थी।
फर्जी डिग्री पर नौकरियां कर रहे लोगों को निकालने के बाद उनकी जगह नई भर्ती होगी। इससे पंजाब में बेरोजगार घूम रहे युवकों को नौकरी का मौका मिलेगा। मान सरकार ने पहले ही करीब 27 हजार नई भर्ती का ऐलान किया है। इनमें से कई पदों के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका है।