चंडीगढ़ (Pmn)Punjab Vidhan Sabha Chunav 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी को हॉकी स्टिक और बॉल का चुनाव चिन्ह मिला है। बता दें कि भारतीय चुनाव आयोग विभिन्न राजनीतिक पार्टियों को चुनाव चिन्ह देता है। 117 सदस्यीय विधानसभा सीटों वाले पंजाब में सभी सीटों के लिए मतदान एक ही चरण में पूरा हो जाएगा। पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 14 फरवरी को होगा। 10 मार्च को पंजाब समेत सभी 5 राज्यों में वोटों की गिनती होगी।
हॉकी स्टिक और बॉल का चुनाव सिंबल मिलने के बाद पंजाब लोक कांग्रेस ने ट्वीट में कहा, ‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पंजाब लोक कांग्रेस को पार्टी का प्रतीक -हॉकी स्टिक और बॉल मिल गया है। अब केवल गोल करना बाकी है।’
कैप्टन अमरिंदर ने बनाई अलग पार्टी
कैप्टन अमरिंदर सिंह की बात करें तो वे पहले कांग्रेस पार्टी की तरफ से पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। लेकिन 2017 के चुनावों में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सत्ता में आने वाली कांग्रेस ने पिछले साल सितंबर में अमरिंदर को हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बना दिया था। जिसके बाद कैप्टन ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी नाम से अपनी अलग पार्टी बनाई है और वे भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा इस बार कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पीएलसी और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी शिअद (संयुक्त) के साथ चुनावी मैदान में है। इसके अलावा अकाली दल इस बार बसपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है।