Punjab media news : पंजाब विधानसभा में बजट 2023-24 को पेश किए जाने के बाद आज इस पर बहस होने वाली है। शुक्रवार विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की तरफ से बजट के बीच में किसी को भी बोलने की अनुमति नहीं दी गई। जिसके बाद अनुमान है कि कांग्रेस व विरोधी पार्टियां आज सदन में जमकर हंगामा कर सकती हैं।
गौरतलब है कि भगवंत मान सरकार की तरफ से शुक्रवार अपना पूर्ण बजट पेश किया। खजाना मंत्री हरपाल चीमा ने इसे पढ़ा। मंत्री चीमा ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए पंजाब का कुल 1 लाख 96 हजार 462 करोड़ रुपए का बजट पेश किया जो पिछले साल से 26% ज्यादा रहा। 2022-23 में पंजाब का कुल बजट एक लाख 55 हजार 860 करोड़ रुपए का था। सरकार का सबसे ज्यादा फोकस एजुकेशन और हेल्थ सेक्टर पर रहा। स्कूलों में पहली बार एस्टेट मैनेजर लगाने का ऐलान किया गया जो वहां का रूटीन कामकाज देखेंगे।
कांग्रेस ने किया हंगामा
बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को करीब दो घंटे तक बजट सुनने के बाद कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पंजाब कांग्रेस प्रेसिडेंट अमरिंदर राजा वड़िंग ने एक बजट प्रस्ताव पर पॉइंट ऑफ ऑर्डर मांगा। उन्होंने बार-बार अपनी बात रखी और वे अकेले ही वेल में भी चले गए।
वड़िंग ने कहा कि वह बजट को लेकर कुछ अहम बातों का खुलासा करने चाहते हैं, जिससे साफ है कि वित्त मंत्री हरपाल चीमा द्वारा पेश किए गए दूसरे बजट में आम लोगों को दूर रखा गया है। यह झूठ का पुलिंदा है। जब स्पीकर ने उन्हें जाने के लिए कहा तो कांग्रेस ने वॉक आउट कर दिया।
सुखबीर बादल ने बताया फ्रॉड
अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने बजट 2023-24 में पंजाब के साथ धोखाधड़ी की है। ऋण बढ़कर रिकॉर्ड 3.47 लाख करोड़ रुपए हो गया और जीएसडीपी अनुपात में बकाया ऋण 46.81% है। सरकार का दावा है कि इससे राजस्व में वृद्धि हुई है, लेकिन राजस्व घाटा दोगुना हो गया है और राजकोषीय घाटा 34,784 करोड़ रुपये आका गया है।