नई दिल्ली (PMN) : कई दिनों के इन्तजार के बाद आखिरकार बिहार चुनाव के परिणाम की घोषणा हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उम्मीद को पूरा करते हुए राज्य की जनता ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की झोली में विधानसभा की 125 सीट डालकर एक बार फिर उन्हें सत्ता की बागडोर सौंप दी है।
खबर के मुताबिक मतगणना की समाप्ति के बाद राजग के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 74 जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को 43 हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) सेक्यूलर और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को चार-चार सीटें मिली हैं। इस तरह 243 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए जरूरी ‘जादुई आंकड़ा’ 122 को पार करते हुए राजग ने 125 सीटें हासिल कर ली है। जदयू को इस बार के विधानसभा चुनाव में 28 सीट का नुकसान उठाना पड़ा है। पिछले चुनाव में उसकी सीटों की संख्या 71 थी। चुनाव में भाजपा को 21, वीआईपी को चार और हम को तीन सीट का लाभ हुआ है। वहीं, तेजस्वी प्रसाद यादव की अगुवाई वाले महागठबंधन जो सुबह मतगणना के शुरुआती दौर में सरकार बनाते दिख रहा था उसे 110 सीट से ही संतोष करना पड़ा।