मुंबई(PMN): आत्महत्या के एक पुराने केस में मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई में बुधवार सुबह अर्नब गोस्वामी को पुलिस ने उनके घर से हिरासत में ले लिया।
अर्नब ने मुंबई पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने मेरे बेटे को मारा। घरवालों से मिलने नहीं दिया। उनसे भी मारपीट की। पुलिस अर्नब गोस्वामी को अपने साथ वैन में ले गई। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई पुलिस के पास कोई समन, दस्तावेज या कोर्ट के कागजात नहीं थे। अर्नब गोस्वामी को मुंबई पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- हम महाराष्ट्र में प्रेस स्वतंत्रता पर हमले की निंदा करते हैं। यह प्रेस के इलाज का तरीका नहीं है। यह हमें उन आपातकालीन दिनों की याद दिलाता है जब प्रेस को इस तरह से व्यवहार किया गया था।
आपको बता दें कि यह मामला 2018 का है, जब एक 53 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक और उनकी मां कुमुद नाइक ने मई 2018 में अलीबाग में आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद एक सुसाइड नोट मिला था, जो कथिततौर पर अन्वय द्वारा लिखा गया था। इस सुसाइड नोट में उन्होंने कहा था कि अर्नब गोस्वामी और दो अन्य ने उन्हें 5.40 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया, जिसकी वजह से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा।