जैसलमेर(PMN) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमाओं की रक्षा करने के लिए भारत को पूरी तरह सक्षम बताते हुए कहा है कि आज भारत की रणनीति साफ हैं और यदि हमें आजमाने की कोशिश की गई तो जवाब उतना ही प्रचंड दिया जायेगा। मोदी आज लोंगेवाला क्षेत्र में सेना एवं सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं जवानों को एक संयुक्त सैनिक सम्मेलन में संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने पाकिस्तान की सीमा से सटे जैसलमेर जिले के बहुचर्चित 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के साक्षी युद्धक मैदान से पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि जब भी जरूरत पड़ी है भारत ने दुनिया को दिखाया है कि उसके पास ताकत भी है और सही जवाब देने की राजनीतिक इच्छा शक्ति भी है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राईक की चर्चा करते हुए कहा कि आज भारत आतंकवाद के आकाओं को घर में घुसकर मारता है, आज दुनिया यह समझ रही है कि यह देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं हैं।
उन्होंने इशारों ही इशारों में चीन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज पूरा विश्व विस्तारवादी ताकतों से परेशान हैं। विस्तारवाद, एक तरह से मानसिक विकृति है और अठ्ठारहवीं शताब्दी की सोच को दर्शाती है। इस सोच के खिलाफ भी भारत प्रखर आवाज बन रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत की रणनीति साफ हैं, यदि हमे आजमाने की कोशिश की तो जवाब उतना ही प्रचंड मिलेगा। उन्होंने मां भारती की सेवा और सुरक्षा में चौबीस घंटे डटे रहने वाले सभी वीर जवानों को अपनी और 130 करोड़ देशवासियों की तरफ से दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।