जयपुर(PMN) : कोरोना के बढ़ते आंकड़ों के बीच देवउठनी एकादशी से शुरू होने वाले विवाह समारोह के लिए राजस्थान में कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि शादी-समारोह में 100 से अधिक व्यक्ति शामिल नहीं हों। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि 100 से ज्यादा व्यक्ति शादी में एकत्रित होते है तो जुर्माना राशि को 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रूपए वसूला जाए।
जानकारी के अनुसार सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि शादियों में सड़कों पर बारात नहीं निकाली जाएगी। वहीं हर शादी समारोह की जानकारी पुलिस को भी देनी है। अगर शादी की सूचना नहीं दी गई तो उस पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेसिंग पर निर्देश देते हुए कहा कि आयोजकों द्वारा विवाह समारोह की वीडियोग्राफी करने को अनिवार्य किया जाए। साथ ही अधिक लोगों के एकत्र होने की सूचना या अंदेशा होने पर पुलिस एवं प्रशासन भी वीडियोग्राफी कराए।