शिमला (PMN)-हिमाचल प्रदेश में हिमपात तथा बारिश के बाद अधिकांश इलाके शीतलहर की चपेट में हैं । कल्पा शून्य से चार डिग्री कम ,मनाली शून्य से कम एक डिग्री , सोलन शून्य डिग्री , उना दो डिग्री , नाहन छह डिग्री , कांगडा एक डिग्री , भुंतर शून्य के आसपास ,धर्मशाला दो डिग्री ,मंडी तीन डिग्री ,सुंदरनगर पांच डिग्री रहा।
हिमाचल प्रदेश में धूप खिलने के बावजूद कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है तथा पांच जिलों में पारा जमाव बिंदू से नीचे चले जाने से प्राकृतिक जलस्रोत ,नदियों की उपरी परत ,झरने ,तालाब और पाइपों में पानी तक जम गया है जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सोलन और उना में प्रदेश की राजधानी शिमला से अधिक ठण्ड पड़ रही है, लेकिन दिन में तापमान में कुछ सुधार हुआ है। राज्य भर में गुनगुनी धूप खिलने से दिन में मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि रात के समय लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। ऊना और सोलन की रातें पहाड़ी क्षेत्रों शिमला व चंबा से भी ठंडी हैं। दिल्ली में भी बर्फीली हवा बह रही है। एक दिन पहले दिल्ली का तापमान 3 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया था। आज भी दिल्ली में सर्दी का सितम जारी रहेगा। उधर कश्मीर से लेकर उत्तराखंड-हिमाचल तक में बर्फ ने इलाकों को जमा दिया है। भारी बर्फबारी से मैदानों में शीत लहर का कहर जारी है। उत्तर भारत के तमाम शहर भी दिसंबर में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी को झेल रहे हैं। बुधवार को तापमान में हल्की बढ़ेतरी दर्ज हुई लेकिन अगले कुछ दिनों में पारा फिर से नीचे जा सकता है। उत्तर भारत के मौसम का ये सर्द हाल पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते हुआ है। ताजा बर्फबारी के बाद कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 12 डिग्री नीचे पहुंच गया है। वहीं, हिमाचल में भी कडाके की ठंड पड़ रही है। कुल्लू घाटी में पारा शून्य से 7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।