जयपुर | राजस्थान में सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने गवर्नमेंट जॉब्स में इंटरव्यू को खत्म कर दिया है। राजस्थान प्रशासनिक सेवा समेत 4 सेवाएं छोड़कर अन्य सभी सरकारी जॉब्स पर यह निर्णय लागू होगा। कुछ समय पहले राज्य की सरकारी भर्तियों के लिए इंटरव्यू खत्म करने का प्रस्ताव रखा था। अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे मंजूरी दे दी है। सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि राज्य सरकार द्वारा भर्तियों में पारदर्शिता लाने और साक्षात्कार को लेकर अभ्यर्थियों की शंकाओ को दूर करने के लिए नियमों में बड़ा संशोधन करते हुए ऐतिहासिक फैसला लिया गया है।
अशोक गहलोत ने बताया है कि 10 मई 2022 को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में भर्तियों से इंटरव्यू हटाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन ऐसी चार सेवाओं में इंटरव्यू जारी रखने का निर्णय लिया गया है जिनमें कार्य की प्रकृति के कारण कम्युनिकेशन स्किल की जरूरत होती है।