आगरा (ब्यूरो)-छलेसर चौकी इलाके स्थित झरना नाला के जंगल में सोमवार शाम को तीन युवकों ने पति के सामने पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म किया। युवकों ने पहले पति-पत्नी की बाइक रोकी। इसके बाद जंगल में ले जाकर मारपीट की।
दोनों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने के बाद जान से मारने की धमकी दी। पति को बंधक बना पत्नी से दुष्कर्म किया। दस हजार रुपये और गहने लूटने के बाद आरोपी भाग गए। पीड़ित दंपती ने 20 घंटे बाद छलेसर चौकी पर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। मामले में दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले पर एसपी आरए सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सामूहिक दुष्कर्म, लूट और जान से मारने की धमकी की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवाहिता ने दो आरोपियों की पहचान शाहदरा निवासी गौरी राजपूत और मोनू के रूप में की। तीसरे को वह पहचानती नहीं है। विवाहिता ने बताया कि घटना के बाद वह अपने घर पहुंची। वहां पहुंचकर उसने 112 नंबर पर सूचना दी थी। पुलिस आई थी। उसने पूरा घटनाक्रम बताया। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उसने थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। विवाहिता को मेडिकल के लिए भेजा है।